
भुंतर (कुल्लू)। धार्मिक पर्यटन नगरी मणिकर्ण बस अड्डे में पार्वती नदी पर बने पुल में दरारें आ गई हैं। इससे पुल के ढहने का खतरा है। खेतीहर किसान और मणिकर्ण वैली संघ ने खतरे को भांपते हुए मुख्यमंत्री से पुल की जल्दी रिपेयर करवाने की मांग की है। मणिकर्ण बस स्टैंड से सटे पुल में दरारें आने से मुख्य बाजार, मणिकर्ण, शांगणा, गोहर, कियाणी और जपास सहित आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क टूट सकता है।
खेतीहर किसान मणिकर्ण वैली के प्रधान प्रीतम ठाकुर, पटेल कंपनी वशैणी के उपप्रधान तुलसी राम, मणिकर्ण वैली इंटक के सचिव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पुल की हालत काफी जर्जर हो चुकी है। पुल में दरारें पड़ गई हैं। इसकी जल्द रिपेयर नहीं करवाई तो पुल ढह भी सकता है। धार्मिल स्थल होने के कारण मणिकर्ण में हर रोज सैकड़ों पर्यटकों और ग्रामीणों का आना जाना लगा रहता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से पुल की जल्द रिपेयर करवाने का आग्रह किया है। साथ ही धमकी दी है कि अगर समय रहते पुल को ठीक नहीं किया तो लोगों को मजबूरन प्रदर्शन करना पड़ेगा। उधर लोनिवि के सहायक अभियंता विनोद शर्मा ने कहा कि इस पुल को ठीक करने के लिए लोनिवि यांत्रिकी को निर्देश दिए हैं। इसे शीघ्र ठीक किया जाएगा।
