पार्किंग समस्या से मिलेगी राहत

नई दिल्ली। राजधानी में पार्किंग की समस्या को ध्यान में रख मास्टर प्लान में संशोधन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत बेसमेंट एरिया को बढ़ाने की बात चल रही है। अगर इस संशोधन को मान लिया जाता है तो बढ़े हुए बेसमेंट से यानी ग्राउंड कवरेज एरिया अधिक होने से पार्किंग समस्या से राहत मिल सकेगी। मास्टर प्लान 2021 में संशोधन करने वाले एडवाइजरी ग्रुप ने सुझाव दिया है कि आवास वाले प्लॉट और हाउसिंग स्कीम वाले प्लॉट में सेटबैक लाइन (वह एरिया जिसमें दो-दो मीटर जमीन बाउंड्री वाल तक छोड़ी जाती है) तक बेसमेंट बनाने की इजाजत दी जाए। यानी ग्राउंड फ्लोर एरिया से कुछ बढ़ाकर बेसमेंट बनाया जा सके। सेटबैक एरिया में भी ग्राउंड कवरेज कर आगे तक बेसमेंट बनाई जा सके। मालूम हो कि बिल्डिंग बायलॉज के तहत अभी जितना ग्राउंड फ्लोर का कवरेज होता है उसमें ही बेसमेंट बनाया जा सकता है। लेकिन अब एडवाइजरी ग्रुप ने बेसमेंट बनाने में कुछ छूट देने का मामला उठाया। इसके बाद एडवाइजरी ग्रुप बेसमेंट को सेटबैक तक बनाने की इजाजत देने पर सहमति बना रहा है। एडवाइजरी ग्रुप बढ़े हुए लाल डोरा इलाके में ट्रेनिंग सेंटर जैसे आईटीआई, वोकेशनल सेंटर, आईटीआई, टीचर ट्रेनिंग सेंटर आदि खोलने पर भी विचार कर रहा है। होटल निर्माण पर भी मास्टर प्लान में संशोधन किया जा रहा है।

Related posts