पार्किंगों में छापामारी, फर्जी रसीद बुक्स जब्त

शिमला। नगर निगम की ठेके पर दी गई तीन पार्किंगों का रविवार को उप महापौर टिकेंद्र पंवर ने औचक निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस टीम भी मौजूद रही। इस दौरान लिफ्ट पार्किंग और यातायात पुलिस गुमटी के समीप तीन मंजिला पार्किंग में ओवर चार्जिंग के मामले सामने आए हैं। लिफ्ट वाली पार्किंग और दूसरे फ्लोर की पार्किंग से फर्जी रसीद बुक्स जब्त की हैं। मौके पर सैलानियों से निर्धारित पार्किंग फीस से ज्यादा वसूल किए गए पैसे भी लौटाए गए। तीन मंजिला पार्किंग के दूसरे फ्लोर में तैनात एक कर्मचारी के खिलाफ दुर्व्यवहार पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश भी दिए दिए हैं। उप महापौर ने असिस्टेंट कमिश्नर नगर निगम को इन दो पार्किंग संचालकों को नोटिस जारी कर उनकी धरोहर राशि जब्त करने और टेंडर निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
पंवर ने बताया कि इन दो पार्किंगों में नगर निगम की बजाय संचालकों ने खुद की रसीद बुक को छपवा रखा था। यहां वाहन मालिकों से पार्किंग के मनमर्जी से पैसे वसूले जाने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। हाईकोर्ट के समीप तीन मंजिला पार्किंग के दूसरे फ्लोर में शनिवार रात को एक वाहन मालिक के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी मिली थी। इस पर लिफ्ट, टेरिस फ्लोर और दूसरे फ्लोर का औचक निरीक्षण किया गया है। टेंडर निरस्त करने और धरोहर राशि जब्त करने के आदेश दे दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता ने उप महापौर से कहा कि उन्होंने सेकेंड फ्लोर पर गाड़ी खड़ी की थी। निर्धारित मूल्य से ज्यादा पैसे वसूल किए गए। इतना ही नहीं, जब वह शाम को गाड़ी लेने वापस आए तो वहां तैनात कर्मचारी ने दुर्व्यवहार किया और करीब एक घंटे तक पार्किंग में ही खड़े रखा।

Related posts