
केलांग। लाहौल घाटी में भूतों ने जमकर डांस किया। इस नृत्य में घाटी के सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। दरअसल लोगों में मान्यता है कि छम नृत्य ( भूत डांस) से धरती को पाप मुक्त हो जाती है। इसी उपलक्ष्य पर केलांग के बौद्ध मठ शाशुर में छेशु उत्सव का आयोजन किया गया। हर साल की भांति इस बार भी शाशुर बौद्ध मठ में लामाओं ने मास्क पहन कर छम नृत्य किया। इस नृत्य को देखने शाशुर मठ में घाटी के हर कोने से लोग पहुंचे थे। मान्यता है कि स्वर्ग में देवी-देवता धरती को पाप से मुक्त करने के लिए डेविल डांस करते हैं। इससे दुनिया में खुशहाली आने के साथ ही संपूर्ण मानव जाति का कल्याण होता है। मठ में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। मठ में मुख्य लामा के साथ अन्य लामाओं और बौद्ध भिक्षुओं ने बुद्ध को समर्पित विशेष मंत्रों का जाप करते हुए पूजा की। मठ के मुख्य लामा बलदेव ने बताया कि मानव जाति की सुख शांति और समृद्धि के लिए हर साल मठ में छेशु उत्सव का आयोजन होता है। चुनावी व्यस्तता से कुछ क्षण निकाल कर कांग्रेस के लाहौल चुनाव प्रभारी सीपीएस राकेश कालिया और विधायक रवि ठाकुर ने भी शाशुर बौद्ध मठ पहुंचकर शीश नवाजा। रवि ठाकुर ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों में भाईचारे की भावना पैदा होती है। उन्होंने उत्सव के सफल आयोजन पर मठ प्रबंधन को बधाई दी।
