
काईस (कुल्लू)। जिला कुल्लू की महाराजा वैली तथा ऊझी घाटी की चार पंचायतों के हजारों लोगों को पांच करोड़ का पानी मिलेगा। घाटी के लिए मंजूर हुई इस धनराशि से पेयजल योजनाओं का निर्माण होगा। योजना में घाटी की बल्ह, मौहल, हलाण तथा पनगां पंचायतों के इलाकों को शामिल किया है।
योजनाओं के सिरे चढ़ने के बाद पीने की पानी की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने के आसार हैं। बदाह, नरेणी, पीरड़ी और छारशू, कोलीबेहड़, शिलीधार, सेरीडूघ, मौहल, डोहरू नाला, दवाला, मनकोट-पनकोट, सूमरी और दमशेहड़ समेत अनेक गांवों के लोगों योजना के सिरे चढ़ने के बाद भरपूर पानी मिलेगा। इन पेयजल योजनाओं को नाबार्ड से 5 करोड़ 67 लाख 48 हजार रुपये मंजूर हुए हैं।
ऊझी घाटी के डोहरू नाला पेयजल योजनाओं पर 71 लाख 28 हजार, दवाड़ा पर 88 लाख और पनकोट-मनकोट को 52 लाख 65 हजार रुपये खर्च होंगे। सूमली में 55 लाख और हलाण-1 81 लाख 29 हजार रुपये खर्च होंगे। आईपीएच कटराईं के सहायक अभियंता उदय कुमार बौद्ध ने बताया कि इन योजनाओं के बन जाने से हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। बदाह, सिंधी और राजगिरी पेयजल योजना को 1 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति नाबार्ड से मिली है। मौहल पेयजल योजना को 86 लाख 26 हजार एसएनआरडीडब्लयूपी के तहत मंजूर हुए हैं।
शीघ्र होगा योजनाओं का निर्माण
आईपीएच के सहायक अभियंता राकेश ठाकुर ने कहा कि महकमा शीघ्र ही पेयजल योजनाओं का निर्माण करेगा। इससे इलाके में पेयजल योजनाओं से निजात मिलेगी।
