
ऊना। बरसात के मौसम में भी जिले में पेयजल की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। शहर में आईपीएच की पाइप में एकाएक प्रेशर घट गया है। इसके चलते लोगों को पानी के लिए दर -दर भटकना पड़ रहा है। हालत यह है कि शहर के कई कस्बों में पानी तो नियमित आ रहा है, लेकिन पानी का प्रेशर कम होने के चलते पानी छतों की टंकियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। कई जगहों पर तो पानी टंकियों में न पहुंचकर सड़कों पर ही बह रहा है। शहरवासियों ने आईपीएच विभाग की कार्यप्रणाली पर संदेह जाहिर करते हुए गहरा रोष जताया है।
शहरवासियों में विक्रांत शर्मा, शम्मी कुमार, जितेंद्र कुमार, नीतिश सिंह, अजय कुमार, रमन सिंह, नानक चंद, राज कुमार, लता कुमारी, शीतल कुमारी, कमलेश कुमारी, नीलम अरोड़ा व किरण बाला ने बताया कि बरसात के मौसम में ही पेयजल की समस्या उग्र रूप धारण कर जाती है। इसके चलते उन्हें भारी परेशानी का सामना करने को मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से पानी का प्रेशर काफी कम होने के चलते पानी छतों की टंकियाें तक नहीं पहुंच रहा है। इससे उनकी समस्या धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। लोगों को हैंडपंपों से पानी बाल्टियों में भरकर घरों तक लाना पड़ रहा है। वहीं घरेलू कामों को भी पूरा करने में दिक्कत पेश आ रही है। विभाग से भी शिकायत की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। लोगों ने संबंधित विभाग से पेयजल समस्या को शीघ्र हल करवाने की मांग की है। उधर, आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा ने कहा कि तकनीकी कारणों के चलते समस्या आई है, जिसे ठीक किया जा रहा है। जल्द समस्या का हल करवा दिया जाएगा।
