पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण

दुलैहड़ (ऊना)। क्षेत्र के छेत्रां एवं बीदड़वाल गांवों में पिछले दो माह से पेयजल न मिलने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। आलम यह है कि लोगों को पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि लोग अपने पैसे खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने पर मजबूर हो गए हैं। इस समस्या के बारे में आईपीएच के कर्मचारियों को कई बार सूचित करवाने के बावजूद भी लोगों की समस्या का कोई हल नहीं निकल पाया। इसके चलते लोगों ने विभाग के प्रति गहरा रोष जताया है। स्थानीय लोगों में बलवीर धीमान, सगली राम, कृष्ण, रमन, जोगेंद्र, सोमनाथ, मुकेश धीमान, ऊषा देवी, रीना, गुरदयाल, सुरजीत, आशा, केसरी देवी, राजेश एवं सौरभ ने बताया कि पिछले दो माह से गांवों में पेयजल की सप्लाई ठप पड़ी है। इसके चलते उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें मजबूरन पैसे खर्च कर पानी के टैंकरों से काम चलाना पड़ रहा है, लेकिन विभागीय कर्मचारियों को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद कोई हल नहीं निकला। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि यदि समय रहते उनकी समस्याओं का कोई हल न निकला तो उन्हें मजबूरन कार्यालय का घेराव करना पड़ेगा। उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ टीएम शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या का जल्द हल कर दिया जाएगा।

Related posts