पागल सियार ने 12 से अधिक लोगों को काटा

टनकपुर। पागल सियार ने सैलानीगोठ, बमनपुरी और फागपुर गांव में 12 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर खौफ पैदा कर दिया है। सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय में एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से पागल सियार को फौरन मारने की मांग उठाई है।
बृहस्पतिवार को देर रात तक हुई बिजली कटौती के बीच अंधकार में एक पगलाए सियार ने जमकर आतंक मचाया। टनकपुर के सैलानीगोठ गांव से लोगों पर हमला करता यह सियार बनबसा के बमनपुरी गांव तक पहुुंचा। उसने करीब 12 लोगों को काटकर घायल कर दिया। सियर के काटने से घायल लोगों का शुक्रवार को यहां संयुक्त चिकित्सालय में जमघट लगा रहा। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डा. घनश्याम तिवारी ने बताया कि सियार के काटने से घायल अब 17 लोगों को एंटी रैबिज के इंजेक्शन लगाए जा चुके हैं। घायलों में सैलानीगोठ निवासी गोरविंका चंद (5) पुत्री अशोक चंद, अनंत राम (64) पुत्र कालू राम, फागपुर निवासी वीरपाल (35) पुत्र ढाकन लाल, सोमवती (30) पत्नी वीरपाल, नारायण राम (34) पुत्र चंचल राम, दीपा देवी (20) पत्नी सुमित कुमार, सुरेश चंद (48) पुत्र लच्छी राम, शंकर सिंह (20) पुत्र रतन सिंह आदि शामिल हैं।

Related posts