पाकिस्तान में हिंदू व्यक्ति की कब्र खोदकर लाश बाहर फेंकने से तनाव

पाकिस्तान में हिंदू व्यक्ति की कब्र खोदकर लाश बाहर फेंकने से तनाव

इस्लामाबादः पाकिस्तान के अशांत सिंध प्रांत में इस्लामी कट्टरपंथियों के समूह ने एक हिंदू व्यक्ति की कब्र खोदकर लाश को सडक पर फेंकने से तनाव पैदा हो गया है।

जिले के पुलिस प्रमुख शौकत अली खतियान ने आज बताया कि दक्षिणी शहर पंगरियो में कब्र के स्थान के संबंध में हुये एक विवाद के बाद कट्टरपंथियों के समूह ने ..अल्लाहू अकबर.. के नारे लगाते हुए हिंदू व्यक्ति की कब्र खोद दी और उसकी लाश को बाहर निकालकर सड़क पर घसीटा। इससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया हालांकि अब स्थिति काबू में है।

श्री खतियान ने बताया कि कट्टरपंथी संगठन अहले सुन्नत वल जमात के सदस्यों ने इस विवाद की शुरूआत की लेकिन बाद में अन्य मुस्लिम भी उनके साथ जुट गए और कब्र खोद डाली। उन लोगों ने लाश को सडक पर घसीटने के बाद फेंक दिया जिससे हिंदुओं में आक्रोश फैल गया। हिंदुओं ने इसके विरोध में धरना-प्रदर्शन किया जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कडी कर दी है और गश्त बढा दी है।

यह कब्र भोरो भील नामक 30 वर्षीय व्यक्ति की थी जिसकी एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसकी जाति की परंपरा के मुताबिक उसे दफनाया गया था। घटना से गुस्साये हिंदुओं ने आरोप लगाया कि इस देश में हिंदू समुदाय के लोग अपनी कब्रों तक में सुरक्षित नहीं है।

Related posts