
कराची: पाकिस्तान की नौवहन सुरक्षा एजेंसी ने अपने जल क्षेत्र में कथित तौर पर घुसने के आरोप में 58 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। नौवहन सुरक्षा एजेंसी के प्रवक्ता कमांडर मोहम्मद फारूक ने कल यहां बताया ‘‘कई बार चेतावनी देने के बावजूद भारतीय मछुआरे हमारे भूभागीय जल क्षेत्र में बने रहे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उनकी नौकाएं जब्त कर ली गई।’’
उन्होंने बताया कि भारतीय मछुआरों की 9 नौकाएं भी जब्त कर ली गई हैं। पिछले माह पाकिस्तान ने एक सद्भावना संकेत के तौर पर 8 किशोरों सहित 337 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था। पाकिस्तान की जेलों में बंद गरीब भारतीय मछुआरों की रिहाई के लिए मानवाधिकार संगठन और पाकिस्तान मछुआरा फोरम लगातार अभियान चला रहे हैं। फोरम के अनुसार,वर्तमान में 97 भारतीय मछुआरे तथा तीन अन्य भारतीय कराची की जेल में बंद हैं। इनमें एक किशोर भी है।
