
होशियारपुर: पुंछ में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा भारतीय सीमा में घुसकर हमला करके 5 भारतीय सैनिकों को शहीद करने की घटना के दृष्टिगत लोगों का पाकिस्तान सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस घटना के विरुद्ध रोष प्रदर्शनों व पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के पुतले व पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज जलाने का सिलसिला आज दूसरे दिन भी जारी रहा। सोशल डैमोक्रेटिक पार्टी व भारत जगाओ आंदोलन के प्रधान जय गोपाल धीमान के नेतृत्व में हरविन्द्र सिंह, जसपाल सिंह, संजीव कुमार व बहुत से अन्य कार्यकत्र्ताओं ने माहिलपुर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मियां नवाज शरीफ का पुतला जलाया।
इस अवसर पर धीमान व अन्य वक्ताओं ने पाकिस्तानी सैनिकों की इस कार्रवाई को एक घिनौना कृत्य बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपील की कि वे पाकिस्तान के साथ 2-2 हाथ करने से पीछे न हटें। इसी बीच सोशलिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया की बैठक में पाक सेना द्वारा पुंछ सैक्टर में भारतीय सीमा के अंदर दाखिल होकर 5 भारतीय सैनिकों को शहीद करने की कार्रवाई की कड़ी ङ्क्षनदा की गई। बैठक में चमन लाल पुरी, मलकीत सिंह, चन्नण सिंह, धर्मपाल, महिन्द्र सिंह, ओम प्रकाश सटियाना, जिला प्रधान लाल चंद बंगा ने भारत सरकार से मांग की कि पाकिस्तान की इस कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए सरकार पाकिस्तान को उसकी औकात बता दे।
भारतीय सेना के रक्षा मंत्री व सेना अध्यक्ष को इस हादसे पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और सेना को आगे बढऩे के आदेश दें ताकि दुश्मन आगे से ऐसी घटिया हरकत न करें।
