
नई दिल्ली: विदेश मंत्री के प्रवक्ता सईद अकबरुद्दीन ने मंगलवार को कहा कि चैम्पियंस लीग ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को वीजा देने की मांग पर भारत सभी पहलुओं से विचार करेगा। अकबरुद्दीन ने बताया कि भारत से पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को वीजा देने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘अभी टूर्नामेंट के शुरू होने में एक महीने से भी अधिक का समय है, और हमें अभी यह अनुरोध प्राप्त हुआ है। इस पर कोई निर्णय लेने से पहले हम सतर्कता से इसके सभी पहलुओं पर विचार करेंगे, इस संबंध में सभी से बातचीत करेंगे।’’ पिछले दिनों सीमा पर हुए संघर्षविराम के उल्लंघन के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में खटास उत्पन्न हो गई है।
पिछले गुरुवार, छह अगस्त को पाकिस्तानी सेना के विशेष सैनिकों द्वारा भारत-पाक नियंत्रण रेखा के नजदीक भारतीय चौकियों पर हमला कर पांच भारतीय सैनिकों की हत्या कर दिए जाने के बाद भारत में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश का माहौल है। देश के प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तो पाकिस्तान के साथ हर तरह की वार्ता को तुरंत रोक देने की मांग की है। पिछले कुछ दिनों में भारत और पाकिस्तान की सीमा पर संघर्षविराम का कई बार उल्लंघन होने के कारण दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
