पाइप लाइन से कच्चे तेल की चोरी करने वाला गिरफ्तार

नई दिल्ली। हरियाणा और राजस्थान में कच्चे तेल की चोरी करने वाले लीलाधर को निहाल विहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दो राज्यों की पुलिस की गिरफ्तारी के डर से वह दिल्ली में छुप कर रह रहा था। उस पर चोरी के नौ मामले दर्ज हैं। कई मामलों में वह भगोड़ा करार है। दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना राजस्थान और हरियाणा पुलिस को दे दी है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वी रंगनाथन ने बताया कि निहाल विहार में तैनात हवलदार विजेंद्र को लीलाधर के निहाल विहार में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने रिसल गार्डन के एक मकान से दबोच लिया। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मूलत: अलीगढ़ के पाली राजापुर गांव निवासी लीलाधर दसवीं कक्षा में फेल होने के बाद काम की तलाश में दिल्ली आ गया।
नांगलोई के मिट्टी तेल के डिपो में उसने नौकरी की। जहां बाद में तीन पुराने ऑयल टैंकर खरीद लिए । अपने ड्राइवर रोहतास के जरिए चार पांच साल पहले उसका संपर्क ऐसे लोगों से हुआ, जो राजस्थान और हरियाणा के बीच से गुजरने वाले पाइप लाइन से कच्चे तेल की चोरी करते थे। वह भी इस चोरी में शामिल हो गया और चोरी के तेल की सप्लाई के लिए अपने ऑयल टैंकरों का इस्तेमाल करने लगा। सोनीपत और रोहतक पुलिस ने उसके खिलाफ दो मामले दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में राजस्थान पुलिस ने उसके तीनों ऑयल टैंकर जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कुल नौ मामले दर्ज हैं।

Related posts