
केलांग। करीब पांच घंटे बाद रविवार देर शाम करीब आठ बजे रोहतांग दर्रे में फंसे यात्रियों और वाहनों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाल लिया गया। सड़क धंसने के कारण एचआरटीसी की एक बस दलदल में फंस जाने से रोहतांग में रविवार दोपहर दो से शाम आठ बजे तक लंबा जाम लगा रहा। इसमें करीब सौ यात्री और कई वाहन भी फंस गए थे। सीमा सड़क संगठन की मशीनों की मदद से फंसी बस को बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौजूदा हालात को देखते हुए निगम ने रोहतांग दर्रा हो कर शुरू की गई अपनी बस सेवा फिलहाल बंद कर दी है। वहीं, पांच घंटे तक बसों और टैक्सियों में सवार हो कर कुल्लू से लाहौल की ओर रवाना हुए इन यात्रियों को इस दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक गोपाल शर्मा ने बताया कि बीआरओ की मशीनों की मदद से
देर शाम रोहतंाग में फंसे वाहनों और यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। उन्हाेंने बताया कि दर्रे में दोनों किनारों पर बर्फ की ऊंची दीवार खड़ी होने से बसों की आवाजाही में दिक्कत हो रही है। लिहाजा, यात्रियों के साथ ही बस चालकों से मिली रिपोर्ट के बाद निगम ने रोहतांग दर्रे पर बसों की आवाजाही फिलहाल बंद कर दी है। उन्होंने बताया कि मतदान के बाद सीमा सड़क संगठन और जिला प्रशासन से बैठक करने के बाद इस दिशा में कोई निर्णय लिया जाएगा। वहीं, घंटों रोहतांग दर्रे में फंसने के बाद सुरक्षित घर पहुंचे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। बताया जा रहा है कि इनमें कई महिलाएं भी शामिल थी।
