पांगी भेजीं साढ़े तीन लाख की दवाएं

चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जेनरिक दवाइयों की खेप भेज दी है। घाटी के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को ये दवाइयां मुफ्त में बांटी जाएंगी। इससे लोगों को दवाइयों के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। तीन लाख 55 हजार लागत की दवाइयों को वाया किश्तवाड़ से पांगी के लिए भेजा गया है। ये दवाइयां घाटी के समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में वितरित की जाएंगी। मरीज वहां से फ्री में दवाइयां ले सकते हैं। पांगी भेजी जाने वाली दवाइयों की खेप जन औषधि केंद्र चंबा में रखी गई थीं। मौसम खुलते ही इस खेप को पांगी रवाना कर दिया गया है। साच पास मार्ग बहाल न होने के कारण दवाइयों की खेप को जम्मू कश्मीर के वाया किश्तवाड़ मार्ग से ले जाना पड़ा है। पांगी से खंड चिकित्सा अधिकारी ने जिला मुख्यालय में दवाइयों की जरूरत की सूची दी थी। इस पर विभाग ने दवाइयों की खेप मंगवाई थी और तीन लाख 55 हजार की दवाइयां पांगी को भेजी गई हैं।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डा. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पांगी घाटी के लिए दवाइयों की खेप भिजवा दी गई है।

Related posts