
नंगल/ऊना। नंगल में नहर के पास से अपनी गाड़ी छोड़कर लापता हुए युवक की गुत्थी पहेली बनती जा रही है। बीते पांच दिनों से गायब चल रहे ऊना के पुलवाला बाजार निवासी रमन का अभी तक भी कोई सुराग नहीं लग पाया है।
युवक की गाड़ी लावारिस हाल में नंगल नहर के किनारे खड़ी मिली थी। इसमें एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें युवक ने हजारों रुपये पैसों की देनदारी के चलते आत्महत्या करने की बात लिखी थी। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि युवक ने पैसों के देनदारी के चलते तनाव में आकर कहीं नहर में छलांग तो नहीं लगा दी है। लेकिन पांच दिन के बाद भी कोई सुराग न मिलने से युवक के सुसाइड नोट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि असलियत में सुसाइड नोट छोड़कर युवक नहर में कूदा होगा तो युवक का शव तो मिलना चाहिए था। उक्त नहर में आज दिन तक जितने भी लोगों ने आत्महत्या की है, उनका शव पंजाब के गंगूवाल के पावर हाउस पर बरामद हुए हैं।
उधर, एसएचओ केएल बैरी का कहना है कि युवक के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि युवक की तलाश जारी है। पंजाब के थाना-चौकियों को भी सूचित किया है। नहर किनारे युवक की गाड़ी मिली है। इसमें सुसाइड नोट में भी बरामद किया है। उन्होंने कहा कि युवक ने सुसाइड किया है या नहीं, इस पर अभी संशय बरकरार है। नंगल के एसएचओ केसर सिंह ने कहा कि पुलिस हर स्थिति पर नजर रखे हुए है।
