
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय की पहली कट ऑफ में श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) की बीकॉम ऑनर्स की कट ऑफ हाई होने के बावजूद दाखिले की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लग पाया है। पहली कट ऑफ आते ही दाखिले के पहले दिन ही एसआरसीसी में बीकॉम ऑनर्स और ईको ऑनर्स की लगभग आधी सीटें भर गईं। अन्य कॉलेजों में भी कॉमर्स ऑनर्स के दाखिलों को लेकर कुछ ऐसा ही हाल है। ज्यादातर कॉलेजों में बीकॉम में ही सबसे अधिक एडमिशन हो रहे हैं। वहीं बीकॉम ऑनर्स को कंप्यूटर साइंस भी टक्कर दे रहा है। अगर कैंपस कॉलेजों में दाखिले की बात की जाए तो पहले दिन आईपी, मिरांडा, हिंदू में छात्रों ने साइकोलॉजी, राजनीति शास्त्र, दर्शनशास्त्र, में काफी दाखिले हुए।
पहली कट ऑफ आते ही बृहस्पतिवार से दाखिले की फाइनल रेस शुरू हो गई। ज्यादातर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। खासतौर पर कैंपस कॉलेजों में छात्रों की तादाद सबसे ज्यादा रही। नॉर्थ कैंपस के कॉलेजों में तो जैसे छात्रों का सैलाब ही उमड़ पड़ा था। कई कॉलेजों में कई कोर्सेज की कट ऑफ हाई रहने के बावजूद दाखिले लेने के लिए कॉलेजों में पहुंचे। यही हाल साउथ कैंपस के कॉलेजों में भी नजर आया। नॉर्थ कैंपस के एसआरसीसी में ईको ऑनर्स और बीकॉम ऑनर्स की कुल सीटों 624 में 293 पर दाखिले हो गए। इकोनॉमिक्स ऑनर्स की 123 सीटों में से 59 भर गई जबकि बीकॉम ऑनर्स की 501 सीटों में से 234 पर दाखिले हुए। दयाल सिंह कॉलेज में 1406 सीटों पर कुल 100 दाखिले हुए। जिसमें से सबसे अधिक कॉमर्स के हैं।
रामलाल आनंद कॉलेज में सभी कोर्सेज की 630 सीटों पर 272 को फॉर्म जारी किए गए। जिसमें से 86 दाखिले हुए। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर विजय कुमार शर्मा ने बताया कि कुल 86 में से 57 दाखिले तो कॉमर्स के लिए हैं। वहीं उनके यहां बीटेक कंप्यूटर साइंस की कट ऑफ नॉन साइंस के लिए 100 फीसदी और साइंस वाले के लिए 95 फीसदी गई है। 100 फीसदी कट ऑफ पर तो कोई दाखिला नहीं हुआ है, हालांकि बीटेक की 31 सीटों के लिए सामान्य की 15 सीटों पर छह सीटों के लिए फॉर्म जारी कर दिए गए। इन सीटों पर 95 से अधिक वालों ने ही फॉर्म जारी कराए। डॉक्टर शर्मा ने कहा, ‘अमूमन पहले दिन ज्यादा भीड़ होती ही है। चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम लागू होने के कारण कोर्सेज अपग्रेड हो गए हैं। अभी कितने दाखिले होंगे यह तय नहीं है। बीकॉम ऑनर्स को हाथों हाथ लेने का कारण है कि जिस भी छात्र को जहां दाखिला मिल रहा है वहां वह सीट पक्की कर रहा है।’
दूसरी ओर मिरांडा हाउस कॉलेज में कुल 200 दाखिले हुए। हिंदू कॉलेज में 147 दाखिले किए गए। सबसे ज्यादा बीकॉम में 12 दाखिले हुए। इसके बाद फिलॉस्फी, राजनीति शास्त्र और इतिहास रहा। इंद्रप्रस्थ कॉलेज में 200 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। हंसराज में कुल 1154 सीटों पर 71 दाखिले हुए। जिसमें से 42 बीकॉम के हैं। दयाल सिंह कॉलेज में भी बीकॉम ऑनर्स में दाखिले के लिए सबसे ज्यादा छात्रों की भीड़ रही। भास्कराचार्य कॉलेज ऑफ एप्लॉयड साइंस कॉलेज में कुल 22 दाखिलों में से पांच दाखिले कंप्यूटर साइंस के ही हुए हैं। कॉलेजों में सेकेंड कट ऑफ में स्कोप बना रहे लिहाजा सतर्कता के चलते पहली कट ऑफ थोड़ी हाई रहती है। ऐसे में छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। जिनका नंबर पहली लिस्ट में नहीं आया उनके लिए दूसरी लिस्ट में संभावनाएं होंगी।
—–
पहले दिन की स्थिति
कॉलेज कुल सीटें भरी सीटें
श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स 624 293
हंसराज कॉलेज 1154 71
हिंदू कॉलेज 752 147
मिरांडा हाउस 1001 200
इंद्रप्रस्थ कॉलेज 1013 200
श्री वेंकटेश्वर कॉलेज 1100 110
रामलाल आनंद कॉलेज 630 86
दयाल सिंह कॉलेज 1406 100
दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज 650 51
