पहले वादा किया फिर मुकर गया

अंब (ऊना)। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर इलाज के लिए पैसे देने का वादा करने के बाद मुकरने पर एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस केस की छानबीन कर रही है। यह मामला कोर्ट के आदेशों पर पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दर्शना देवी पत्नी पूर्ण सिंह ने न्यायालय में अरजी दायर करके गुहार लगाई कि उसके पति को संजय कुमार निवासी नादौन ने मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी थी। छह अगस्त को हुई इस घटना के बाद पूर्ण को अस्पताल ले जाया गया। पूर्ण को शरीर में काफी चोटें आई थीं। घटना के दौरान संजय ने दर्शना देवी को आश्वस्त किया कि वह उनके पति पूर्ण सिंह के इलाज पर होने वाले खर्च को वहन करेगा। बाद में जब संजय कुमार से फोन पर संपर्क किया तो उसने पैसे न देने की बात कही। इस पर दर्शना देवी ने न्यायालय से गुहार लगाई कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। दर्शना ने न्यायालय को बताया कि इस दुर्घटना में उनके पति को गंभीर चोटें आई थीं, जिस कारण वह बिस्तर पर हैं। पति के इस तरह बिस्तर पर होने से उन्हें रोटी के लाले पड़ने की नौबत आ गई है। न्यायालय ने अरजी पर सुनवाई करते हुए अंब थाने को आदेश दिए कि मामले की छानबीन की जाए। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के भी आदेश हुए। अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने न्यायालय के आदेशों पर मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि संजय कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी नादौन हमीरपुर के खिलाफ भादंसं की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को थाने में तलब किया जाएगा।

Related posts