
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी में घर लौट रहे एक व्यक्ति को कुछ युवकों ने पीटने के बाद उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वारदात मेें घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया है।
पुलिस में दर्ज एफआईआर में मणिकर्ण के छैऊर निवासी भूप सिंह ने कहा है कि 23 अप्रैल को शाम करीब 8.30 बजे वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास यान चंद, हेम राज, सुरेंद्र, आशू और टिक्कम राम ने रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। बाद में जबरन पकड़कर उसे जहरीला पदार्थ पिलाकर मौके से फरार हो गए। एसपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वारदात में घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है।बताया कि मामले की छानबीन का जिम्मा एएसआई राजेश कुमार को सौंपा है। एसपी ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। उधर आनी के ब्रौ थाना के तहत आने वाले दमोटा में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में धुत्त होकर एक व्यक्ति को पीट दिया। पुलिस ने सुरेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
