पहली ही बारिश में खुली व्यवस्‍था की पोल

भरेड़ी (हमीरपुर)। ककड़ पंचायत के चंदरूही कस्बे में बरसात का मौसम शुरू होते ही सड़कों की पोल खुलने लगी है। सड़क मार्ग के किनारे निकासी नालियां न होने से पानी मार्ग पर जमा हो गया है। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
लोगों में परमवीर, अशोक कुमार, नितिन कुमार, प्रवीण कुमार और अजमेर सिंह का कहना है कि सड़क में जमा पानी से राहगीरों को परेशानी हो रही है। वाहनों की आवाजाही से पानी राहगीरों पर गिरता है। ऐसे में स्कूल जा रहे छात्रों को अधिक परेशानी होती है। वहीं , दोपहिया वाहन चालकों का भी सड़क से सुरक्षित निकलना खतरे से खाली नहीं है। यह कस्बा मंडी और हमीरपुर जिला की सीमा पर पड़ता है। ऐसे में दोनों जिलों के विभागीय अधिकारी कस्बे की अनदेखी कर रहे हैं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, लाक निर्माण विभाग के एसडीओ किशन चंद का कहना है कि शीघ्र ही समस्या के समाधान को प्रपोजल बनाकर भेज दिया जाएगा। और समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।

Related posts