
हमीरपुर। पड़ोसी की पशुशाला में भैंस घुसने पर दो परिवारों में विवाद हो गया। भैंस के मालिक ने पड़ोसी परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शकुंतला देवी पत्नी रमेश चंद निवासी हरसन, हमीरपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 21 अगस्त को शाम करीब 8 बजे पृथ्वी चंद की भैंस छूटकर उसकी पशुशाला में घुस गई। उसने पृथ्वी चंद को भैंस को ठीक तरह से बांधने को कहा। इस पर पृथ्वी चंद गाली गलौच पर उतारू हो गया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पृथ्वी चंद ने रात करीब 11 बजे दोबारा हाथ में दराट लिया और उसके घर आ धमका। अभद्र भाषा का प्रयोग कर जान से मारने की धमकियां देने लगा। पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा ने मामले की पुष्टि की।
ट्रस्टियों पर लापरवाही का मामला दर्ज
बड़सर (हमीरपुर)। बड़सर में धर्मशाला का छज्जा गिरने पर एक दुकान मालिक ने ट्रस्ट के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार पवन जगोता पुत्र दुर्गा दास निवासी दियोटसिद्ध ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 21 अगस्त को एक धर्मशाला का छज्जा उसकी दुकान के ऊपर गिर गया। इससे तीन व्यक्ति गजेंद्र, राकेश और विक्रम बुरी तरह से जख्मी हो गए। पवन की मानें तो हादसा धर्मशाला के ट्रस्टियों की लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने पवन जगोता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी बीएम शर्मा ने मामले की पुष्टि की।
