
भुंतर (कुल्लू)। जिला की प्रमुख सब्जी मंडियां पलम और टमाटर से लाल हो चुकी हैं। घाटी में पलम का सीजन अपने यौवन पर है। अभी तक विभिन्न मंडियों में पलम के करीब तीन लाख बॉक्स पहुंच चुके हैं। विभागीय अनुमानों के अनुसार इतना ही पलम बगीचों में है। पलम की भारी पैदावार के कारण इस साल दामों में करीब 70 फीसदी की गिरावट आई है। पहले पलम 22 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था। अब पांच रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। दूसरी तरफ मार्केट में टमाटर के चोखे दाम मिलने से सब्जी उत्पादक काफी खुश हैं।
टमाटर के शुरुआती दाम 25 रुपये प्रतिकिलो चल रहे हैं। सोमवार को भुंतर सब्जी मंडी में करीब 80 क्विंटल टमाटर पहुंचा। लेकिन पलम के दाम लुढ़कने से बागवानों के चेहरे मुरझा गए हैं। बागवान सुरेश, मोहन, राम सिंह और चरणदास ने कहा कि पलम के रेट गिरने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। कुल्लू-लाहौल विपणन समिति के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया है। पलम सीजन अब अंतिम चरण में है। पैदावार अधिक होने से बाहरी मंडियों में मांग कम हुई है। बताया कि टमाटर के अच्छे रेट मिलनेे से किसानों को काफी राहत मिली है।
