पर्स से जेबकतरों ने उड़ाए पैसे और गहने

ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या ऊना में तैनात एक अध्यापिका के पर्स से जेबकतरों ने सोलह हजार रुपये उड़ा लिए। पर्स में रखी सोने की बालियां भी साफ कर दीं। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। वारदात का शिकार अध्यापिका पंजाब के नूरपुर बेदी क्षेत्र की रहने वाली है। अध्यापिका का मायका ऊना में है। नूरपुर बेदी से अध्यापिका सोमवार सुबह ड्यूटी देने के लिए ऊना आ रही थी। इस दौरान अध्यापिका का दो साल का बेटा भी साथ ही ऊना आ रहा था। नंगल से उन्होंने ऊना के लिए बस पकड़ी। इस दौरान कुछ प्रवासी महिलाएं भी बस में चढ़ीं। अध्यापिका ने पुलिस को बताया कि उसे उन प्रवासी महिलाओं पर ही शक है। उन्होंने ही उनके पर्स से रुपये और बालियां उड़ाई हैं। अध्यापिका को करीब 35 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। अध्यापिका का नाम रजनी अरोड़ा बताया जा रहा है। रजनी ने पुलिस को बताया कि बस में अपना पर्स खुला देखकर उसे लगा कि शायद बेटे ने पर्स खोला होगा। ऊना पहुंचकर जब उसने पर्स से पैसे निकालना चाहे तो चोरी का पता चला। पुलिस ने अध्यापिका की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने घटना को लेकर मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।

Related posts