पर्यटन निगम के होटलों में 35 फीसदी छूट

तलीकूहल (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम ने सर्दियों के मौसम में ठंडे पड़े टूरिस्ट सीजन को गरमाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए सैलानियों को कई तरह के आकर्षक पैकेज दिए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि समर सीजन के मुकाबले इन दिनों कुल्लू-मनाली में सैलानियों की आमद काफी कम हो चली है। कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के बाद जैसे ही सर्दियों ने दस्तक दी, सैलानियों से गुलजार रहने वाले होटल सूने पड़ने लगे। अब आलम यह है कि निगम के होटलों का आक्यूपेंसी रेट दस से पंद्रह फीसदी तक लुढ़क गया है। लिहाजा, टूरिस्टों को घाटी की ओर आकर्षित करने के लिए होटलों के किराए में पैंतीस से चालीस प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। इस विशेष छूट की जानकारी बाकायदा पर्यटन निगम की वेबसाइट में भी डाल दी गई है। खास बात यह है कि उक्त छूट सोलह नवंबर से पंद्रह मार्च तक जारी रहेगी। हालांकि, क्रिसमस और न्यू इयर सेलीब्रेशन के दौरान 22 दिसंबर और दो जनवरी के बीच करीब डेढ़ सप्ताह तक टूरिस्टों को यह छूट नहीं मिलेगी। हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के जीएम एनके बाली ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस पैकेज के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। कई सैलानियों ने निगम की वेबसाइट पर इस संबंध में इन्कवायरी मांगी है।

Related posts