पर्यटन की दृष्टि से पौंग को विकसित करने पर खर्च होंगे 70 करोड़ : सुक्खू

पर्यटन की दृष्टि से पौंग को विकसित करने पर खर्च होंगे 70 करोड़ : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे में विकास को गति देने के लिए कई सौगात दीं। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री ने करीब 2.98 करोड़ रुपये की लागत से डडवाला-सकरी सड़क में सकरी खड्ड पर बने 51.85 मीटर लंबे डबल लेन पुल का उद्घाटन किया। इसके बाद फतेहपुर के हाड़ा चौक पर लगाई गई पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुजान सिंह पठानिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पौंग बांध स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री के फतेहपुर पहुंचने पर विधायक भवानी सिंह पठानिया, स्थानीय कांग्रेस नेताओं और जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद रामलीला मैदान में फतेहपुर तहसील के तहत 26 पंचायतों के निवासियों के लिए दो कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन योजनाएं भी समर्पित कीं। जल जीवन मिशन के तहत इन योजनाओं पर 40.35 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने फतेहपुर के एक निजी पैलेस में जनसभा को संबोधित किया। स्थानीय विधायक भवानी सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री को तलवार भेंट कर सम्मानित किया। विधायक भवानी सिंह पठानिया ने बारिश में भी भारी संख्या में जनसभा में पहुंचे लोगों का आभार जताया। मुख्यमंत्री के समक्ष फतेहपुर को चार जोन में बांटते हुए पर्यटन, औद्योगिक, शिक्षा और प्रशासनिक हब के रूप में विकसित करने की रूपरेखा रखी।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कुछ को मौके पर ही मंजूरी दे दी, जबकि कुछ एक को बजट का प्रावधान होने पर मंजूरी देने का वायदा किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस चौकी रैहन को थाने में स्तरोन्नत करने और फतेहपुर क्षेत्र में स्विमिंग पूल सुविधायुक्त इंडोर स्टेडियम खोलने की घोषणा की। उन्होंने फतेहपुर क्षेत्र में पांच करोड़ रुपये की लागत से 300 कनाल भूमि में अत्याधुनिक गो अभ्यारण्य खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नवंबर के बाद फतेहपुर में बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने फतेहपुर क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग खोलने की घोषणा भी की। कहा कि पौंग को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर 70 करोड़ खर्च किए जाएंगे। कहा कि युवाओं के लिए रैहन में पब्लिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी।

इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल और किशोरी लाल, विधायक मलेंद्र राजन, केवल सिंह पठानिया, नीरज नैयर, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष विशाल चम्बयाल, पूर्व विधायक अजय महाजन, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल आदि उपस्थित रहे।

Related posts