
कुल्लू(भाग सिंह) भुंतर स्थित कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे से एयर डेक्कन के चार्टर्ड विमान के चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरने के साथ ही पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसायी गदगद हो गए हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि अब उड़ानें शुरू होने से पर्यटन कारोबार को भी पंख लगेंगे।
घाटी के हजारों कारोबारियों की ढेरों उम्मीदें लेकर उड़े आठ सीटर विमान को डीसी कुल्लू ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया है। इस दौरान एडीएम कुल्लू विनय सिंह ठाकुर, निदेशक एयरपोर्ट अथॉरिटी भुंतर वाईके शर्मा, हिमालयन बुल्ज के निदेशक बुद्धि प्रकाश ठाकुर तथा पंकज बख्शी भी उपस्थित रहे। एयरक्राप्ट की रोजाना तीन उड़ानें भरने से घाटी के मायूस कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। भुंतर एयरपोर्ट अथॉरिटी केे निदेशक वाईके शर्मा ने बताया कि इस सेवा को डीसी राकेश कंवर ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया है। उधर, हिल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन भुंतर के प्रधान दीवान सिंह, उपप्रधान लुदर चंद, महासचिव जगदीश शर्मा तथा कोषाध्यक्ष अमर सिंह ने उड़ान शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से टैक्सी कारोबार भी पटरी लौटेगा। मनाली होटल एसोसिएशन प्रधान अनूप राम ठाकुर ने कहा कि आने वाले समर सीजन में चार्टर्ड विमान सेवा का लाभ कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबार को मिलेगा। इन्होंने कहा कि संभवत: अब हाई प्रोफाइल टूरिस्ट आने से पर्यटन उद्योग को पंख लगेंगे। इस अवसर पर सेंट्रल बैंक की शिमला इकाई के उप महाप्रबंधक बीके महेंद्रु, भुंतर के शाखा प्रबंधक रमेश कुमार, मार्केटिंग ऑफिसर पवन शर्मा, कुल्लू के शाखा प्रबंधक सुशील थापक सहित अन्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
