
मनाली। ग्रीन टैक्स देने वाले पर्यटक अपने वाहन अब नगर परिषद की पार्किंग में निशुल्क खड़ा कर सकते हैं। नगर परिषद मनाली के उपाध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि सैलानियों की सुविधा के लिए नगर परिषद अध्यक्ष रूप चंद नेगी और उनकी टीम ने यह निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार नगर परिषद मनाली की चार पार्किंगों में करीब एक हजार वाहन पार्क करने की व्यवस्था है।
कपूर ने कहा कि नगर परिषद मनाली ने शहर में सारी व्यवस्थाओं को बेहतर कर दिया है। टैक्सी, टेंपो, ट्रक और बसों सहित हर प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था भी कर दी है ताकि देश-विदेश से मनाली आने वाले सैलानियों को ट्रैफिक जाम जैसी दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नप ने शहर की अधिकतर गलियों को पक्का कर दिया है तथा शेष बच्चे कार्य को भी युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है। कपूर ने कहा कि स्वच्छता को लेकर नप गंभीर है तथा शहर के नालों को फिर से साफ सुथरा किया जा रहा है।
माल रोड मनाली में धीमी गति से चल रहे कार्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मनाली की अनदेखी कर रही है। सड़कों की हालत खस्ता होने से और हवाई सेवा उपलब्ध न होने से पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि मनाली-कुल्लू नेशनल हाइवे की हालत शीघ्र सुधारी जाए। साथ ही हवाई सेवा शुरू करने को भी सार्थक पहल करें। कपूर ने कहा कि नप मनाली मनाली के सभी वार्डों का एक समान विकास कर रही है।
कर्मचारियों ने बचाई घायल मोनाल की जान
मनाली। मोनाल वन्य प्राणी विभाग मनाली का मेहमान बना है। ईशान होटल मनाली के कर्मियों ने मोनाल को घायल अवस्था में पकड़कर वन्य प्राणी विभाग के हवाले कर दिया। ईशान होटल के प्रबंधक रोहित आहलूवालिया ने बताया कि आज सुबह होटल के कर्मी को मोनाल घायल अवस्था में मिला। उन्होंने वन्य प्राणी विभाग मनाली के आरओ सचिन से संपर्क कर घायल पक्षी बारे जानकारी दी। आरओ सचिन ने अधिकारियों को मौके पर भेजकर पक्षी को कब्जे में ले लिया।
