
शाहतलाई (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत शाहतलाई क्षेत्र में बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए करीब एक माह से सिग्नल न होना परेशानी बन चुका है। बार-बार कोई नंबर डायल करने के बाद फोन नहीं मिलने के कारण उपभोक्ता को मायूसी ही हाथ लग रही है। कई बार तो मोबाइल से किसी नंबर पर फोन मिलाने के बाद किसी और नंबर पर ही फोन मिल जाता है।
बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ता मुनीष कपूर, राजकुमार सोनी, कमल शर्मा, मस्त राम, आरएन भारद्वाज, प्यारे लाल, जगदेव ढटवालिया, अजय कुमार, सपना शर्मा, प्रेम चंद, उत्तम चंद भारद्वाज, पुष्पा कुमारी, रेखा कुमारी, सुशील कुमार भारद्वाज का कहना है लंबे समय से शाहतलाई, नघ्यार, झबोला, दसलेहड़ा में बीएसएनएल नेटवर्क की समस्या चल रही है। उन्होंने कहा कि जब किसी का नंबर मिलाया जाता है तो पहले मिलता ही नहीं लेकिन यदि बार-बार नंबर मिलाया तो फोन किसी और ही जगह मिल जाता है। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल द्वारा समस्या समाधान के लिए कोई उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। यदि जल्द ही संबंधित विभाग ने समस्या समाधान को कोई प्रयास नहीं किए तो मजबूरी में उन्हें अन्य कंपनियों के कनेक्शन लेने पड़ेंगे।
उधर, इस बारे में बीएसएनएल के उपमंडल अधिकारी देवराज भारद्वाज ने कहा कि दियोटसिद्ध टावर में तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
