
केलांग। पिछले दिनों सेना के हेलीकॉप्टर की उड़ानों के बावजूद लाहौल स्पीति के कुछ हेलीपैडों पर उड़ान नहीं हो सकी है। उड़ानों का इंतजार लंबा हो जाने से वहां फंसे मरीजों ओर परीक्षार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रावा हेलीपैड में सात और तिंगरेट में एक मरीज पहले ही हेलीकॉप्टर की राह ताक रहा है। चौखंग हेलीपैड में कुछ परीक्षार्थी उड़ान नहीं होने से मुश्किल में फंस गए हैं। वहीं, स्पीति के लोसर में भी एक मरीज फंसा है। चौखंग हेलीपैड के लिए इस सीजन में अभी तक हेलीकॉप्टर कोई उड़ान नहीं भर सका है। चौखंग महिला मंडल प्रधान संतोष ने बताया कि परीक्षार्थियों के फंसने की सूचना उन्हाेंने जिला प्रशासन को दे दी है। उन्होंने कहा कि चौखंग के लिए अभी तक एक भी उड़ान नहीं हुई है। उन्हाेंने जिला प्रशासन, विधायक रवि ठाकुर और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि किसी अन्य हेलीपैड के साथ तत्काल चौखंग हेलीपैड के लिए संयुक्त उड़ान की व्यवस्था की जाए। चौखंग हेलीपैड के प्रभारी ऋषि दत्त ने बताया कि वहां से करीब छह परीक्षार्थी और अन्य स्कूली बच्चों ने कुल्लू जाने के लिए आवेदन कर रखा है। गौंधला हेलीपैड के लिए भी ट्रायल उड़ान की मांग जोर पकड़ने लगी है। खंगसर पंचायत प्रधान सुंदर लाल ने राज्य सरकार से गौंधला में नवनिर्मित हेलीपैड के लिए जल्द ट्रायल करने की मांग की है। इधर, कुल्लू में तैनात उड़ान प्रभारी डा. रंजीत ने बताया कि मंगलवार को चंबा के किलाड़ के बाद स्तींगरी और लोसर के लिए उड़ानें होंगी। जनजातीय विकास विभाग ने सभी हेलीपैडों के लिए उड़ान शेड्यूल जारी करने के लिए जीएडी से सिफारिश की है।
