पद से हटे हुसैन पर पार्टी में बने रहेंगे

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी को अपना लीडर नहीं मानने वाले प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आमिर रजा हुसैन को लेकर पार्टी के भीतर भी टकराव उभर कर सामने आने लगा है। पार्टी के नेता उन्हें पार्टी से ही बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं, जबकि उन्हें सिर्फ पद से ही हटाया गया है।
आमिर रजा हुसैन के बयान पर नाराजगी जताने वाले भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य विजय जौली ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल से बुधवार को मुलाकात की। जौली ने बताया कि उन्होंने हुसैन को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की है। उनका सिर्फ प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा हुआ है, जो काफी नहीं है। इस तरह के बयान पार्टी के हित में भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मोदी राष्ट्रीय नेता हैं और इस तरह की टिप्पणी से कार्यकर्ता आहत हुए हैं।
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि आमिर ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें पार्टी से नहीं निकाला गया है। बतौर कार्यकर्ता वे भाजपा को अपना समर्थन देते रहेंगे। उन्होंने अपने इस्तीफे वाले पत्र में कहा है कि महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए उन्हें इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी, जिससे पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता को दुख पहुंचता हो। उनका आशय किसी को पीड़ा पहुंचाना नहीं था।

यह था बयान
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष आमिर रजा हुसैन ने मोदी के लीडरशिप को एक चैनल पर अस्वीकार करने वाला बयान दिया था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मोदी उनके लीडर नहीं हैं। उनके लीडर लालकृष्ण आडवाणी हैं। मोदी उस सरकार के मुखिया हैं जिनपर नरसंहार का आरोप है। आडवाणी उनके लीडर हो सकते हैं, लेकिन मोदी को मुसलिम समुदाय कभी नहीं स्वीकार करेगा। इस बयान को लेकर पार्टी में घमासान मचा हुआ है।

Related posts