पदम और सपना बेस्ट छात्र-छात्रा

बंजार (कुल्लू)। बंजार घाटी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कोटला में बुधवार को सालाना समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने स्कूली छात्र-छात्राओं की हौसलाफजाई कर उन्हें पुरस्कृत किया। स्कूल पहुंचने पर उपायुक्त राकेश कंवर का स्कूल प्रशासन की ओर से पारंपरिक तरीके से शानदार स्वागत किया गया। उन्होंने इस अवसर पर संबोधित करते हुए छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति को बचाए रखने के लिए भी आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पेेश कर लोगों का खूब मनोरंजन किया। छात्राओं ने कुल्लवी नाटी के अलावा एकल तथा समूहगान पेश कर खूब वाहवाही लूटी। बाद में स्कूल प्रधानाचार्य फतेह चंद ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। उपायुक्त ने स्कूल के सर्वश्रेष्ठ छात्र पदम सिंह तथा सर्वश्रेष्ठ छात्रा सपना देवी के अलावा मीरा देवी, कृष्णा देवी, दिव्या देवी,
निशा देवी, पिंगला देवी, लता देवी, राधा देवी, यमुना देवी, मीना देवी, ललित ठाकुर, चंपा देवी, मेहर चंद, भीषमा देवी, रक्षा देवी, सोनू, ज्योति, नरेश कुमार, निरत सिंह आदि मेधावी छात्रों को इनाम देकर पुरस्कृत किया। डीसी ने स्कूल के खेल मैदान तथा स्कूल भवन बनाने के लिए स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने स्कूल के लिए कंप्यूटर प्रदान करने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी बंजार, जिला परिषद सदस्य निर्मला महंत सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।

Related posts