
पटियाला (बलजिन्द्र): शहर की विर्क कालोनी के रहने वाले गुरमीत सिंह मीता नाम के व्यक्ति ने अपनी पत्नी व 2 नाबालिग बेटियों की गला घोंट कर हत्या कर दी तथा बाद में खुद भी आत्महत्या की कोशिश की परंतु मौके पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही एस.एस.पी. हरदयाल सिंह मान, डी.एस.पी. सिटी-2 नाहर सिंह थाना त्रिपड़ी के एस.एच.ओ. कुलवंत सिंह मौके पर पहुंच गए। यह व्यक्ति गत 8 महीने से यहां किराए के मकान पर रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक गुरमीत सिंह (40) ने पहले दोपहर समय अपने परिवार को कोई जहरीली वस्तु खिलाकर बेहोश कर दिया तथा बाद में पत्नी रमिन्द्र कौर (38), 2 बेटियों भवप्रीत कौर (15) तथा कमलप्रीत कौर (12) की गला घोंटकर हत्या कर दी, जबकि एक लड़की जिसकी आयु 8 वर्ष थी, को जीवित छोड़ दिया। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या करने की 3 बार कोशिश की।
पहले उसने हाथ की नस काट कर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की परंतु सफल न हो सका और फिर उसने गले में फंदा लेने का भी प्रयास किया, लेकिन इस बार भी बच गया। इसके बाद वह अपना स्कूटर उठाकर भाखड़ा नहर में छलांग मारकर हत्या करने के लिए जा रहा था तो रास्ते में स्कूटर पंक्चर हो गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया जिसने रास्ते में से उसको काबू कर लिया।
इस संबंधी एस.एस.पी. हरदयाल सिंह मान ने बताया कि उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर सारी घटना का जायजा लिया और इसके पीछे गरीबी जैसा ही कोई कारण लगता है परंतु असली कारण पूछताछ के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि क्योंकि हत्यारे ने पूरा कांड करने के बाद अपने परिवार के मैंबरों को फोन भी किया है। बाकी हत्या कांड के पीछे असली कारण क्या है? इस बारे तफ्तीश के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
