पतलीकूहल से शिफ्ट करें सब्जी मंडी

कुल्लू। हिमाचल किसान सभा ब्लॉक कमेटी नग्गर की बैठक में पतलीकूहल सब्जी मंडी को 15 मील में स्थानांतरित करने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता रोशन लाल ने की। ब्लॉक कमेटी के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि किसान सभा लंबे समय से मांग कर रही है कि सब्जी मंडी पतलीकूहल को 15 मील में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही धमकी दी कि अगर मंडी को जल्द शिफ्ट नहीं किया गया तो सभा आंदोलन छेड़ देगी।
उन्होंने बताया कि इस मसले को लेकर सभा पहले भी कई बार आंदोलन कर चुकी है। पतलीकूहल में किसानों और व्यापारियों को जगह कम होने से कई समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। किसानों को क्रेट सड़क पर रखना पड़ते हैं। इससे अक्सर जाम लग जाता है। माल रखने और पैकिंग के लिए जगह कम होने के कारण किसानों को पूरा दिन क्रेट खाली होने का इंतजार करना पड़ता है। इस बार फसल अधिक होने से समस्या और बढ़ गई है। हिमाचल किसान सभा ब्लॉक कमेटी नग्गर ने धमकी दी है कि अगर शीघ्र मंडी को शिफ्ट नहीं किया गया तो सभा आंदोलन छेड़ देगी।
किसान सभा के जिला महासचिव होतम सिंह सौंखला ने कहा कि जिला की कई सब्जी मंडियों में किसानों के साथ लूट की शिकायत आ रही है। कहा कि अगर जल्द किसानों के साथ हो रही लूट को बंद नहीं किया गया तो किसान सभा सब्जी मंडी में पहुंचकर आंदोलन करेगी। बैठक में ओम चंद शर्मा, जगदीश कटोच, बेलीराम, भोला राम भी मौजूद रहे।

Related posts