
भल्याणी (कुल्लू)। विपणन बोर्ड की पतलीकूहल में स्थापित सब्जी मंडी किसानों. और बागवानों के लिए किसी आफत से कम नहीं। यहां सीजन के दौरान लगने वाले जाम से बागवानों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है। मंडी में लाया गया लाल रसीला सेब तेज धूप और बारिश से अपना रंग बदल देता है। ऐसे में ए ग्रेड का सेब बी की श्रेणी का बनकर रह जाता है। मनाली भाजपा तथा कांग्रेस ने सब्जी मंडी के अस्थाई तौर पर स्थानांतरण की मांग भी कर रखी है। ऊझी घाटी के लिए विपणन बोर्ड द्वारा स्थापित पतलीकूहल की सब्जी मंडी का अस्थाई तौर पर हस्तांतरण का मामला भी तूल पकड़ता जा रहा है। घाटी के बागवान, किसान, राजनीतिक पार्टियां तथा फलोत्पादक संघ इसके अस्थाई तौर पर हस्तांतरण की बार-बार प्रशासन तथा सरकार से मांग कर चुके हैं।
बावजूद इसके सरकार इसे शिफ्ट करने को राजी नहीं। सब्जी मंडी में कम एरिया होने से यहां वाहनों का जमघट लगा रहता है। ऐसे में किसान-बागवान परेशान होकर रह जाते हैं। लोगों तथा राजनीतिक पार्टियों ने इसको अस्थाई तौर पर पतलीकूहल से 15 मील के लिए हस्तांतरित करने की मांग की है। कुल्लू फलोत्पादक संघ के अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय ने बताया कि मंडी में तेज धूप तथा पानी से उनका सेब खराब हो जाता है। इसका उन्हें उचित भाव नहीं मिल पाता।
15 मील शिफ्ट करें सब्जी मंडी
सीजन दौरान किसानों तथा बागवानों को यहां लगने वाले वाहनों के जमघट के चलते परेशान होना पड़ता है। सब्जी मंडी सरकार को जल्द से जल्द 15 मील शिफ्ट करनी चाहिए।
बालमकुंद राणा, अध्यक्ष मनाली भाजपा मंडल
कांग्रेस ने मजबूती से उठाया है मुद्दा
मनाली ब्लॉक कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के समक्ष विषय को मजबूती से रखा है। जल्द ही अस्थाई तौर पर पतलीकूहल सब्जी मंडी को 15 मील स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
भुवनेश्वर गौड़, अध्यक्ष मनाली ब्लॉक कांग्रेस
अभी स्थानांतरण नहीं : डीसी
फिलहाल इसके स्थानांतरित करने का प्रश्न ही नहीं उठता। हालांकि इस बार जिला में सेब की फसल बंपर है। मंडी में अगर ज्यादा बोझ पड़ा तो इसे अस्थाई तौर पर 15 मील को शिफ्ट किया जाएगा।
राकेश कंवर, उपायुक्त कुल्लू
