
कुल्लू। हिमाचल किसान सभा ब्लॉक कमेटी नग्गर की बैठक रोशन लाल की अध्यक्षता में पतलीकूहल में संपन्न हुई। बैठक में पतलीकूहल सब्जी मंडी के स्थानांतरण और कोठी-रोहतांग रोप वे पर चर्चा की गई। किसान सभा नग्गर के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि आम जनता, बागवानों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पतलीकूहल सब्जी मंडी को जल्द 15 मील स्थानांतरित किया जाए। जिला कमेटी सदस्य प्रीतम नारू ने कहा कि हिमाचल किसान सभा कोठी रोहतांग रोप वे का विरोध करती है। इससे हजारों लोगों का रोजगार छिन जाएगा। पहले एक धार सोलंग नाला को निजी हाथों में बेचा गया। अब उससे आगे बढ़ते हुए दूसरी धार रोहतांग को बेचने की साजिश हा रही है। इस कार्य को किसान सभा रोकेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगर सरकार शीघ्र सब्जी मंडी 15 मील स्थानांतरित नहीं करेगी और कोठी रोहतांग रोपवे का निर्णय वापस नहीं लेगी तो हिमाचल किसान सभा नग्गर ब्लॉक जनता को लामबंद कर एक अगस्त को पतलीकूहल में सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करेगी।
बैठक में लीम चंद, मोहन लाल, बेली राम, दौलत ठाकुर, कुलदीप, ओमी चंद, रोशन चंद, जीवन और प्यारे लाल आदि सदस्यों ने भाग लिया।
