
पधर (मंडी)। नेशनल हाइवे मंडी पठानकोट पर मंडल जोगिंद्रनगर के अधीन घटासणी से माणा पुल तक 12 सालों से सड़क पर टारिंग का कार्य न होने से हाइवे की हालत कच्चे मार्ग से भी बदतर हो गई है। इस हाइवे पर गर्मी के मौसम में विभाग का रवैया आगे दौड़ पीछे चौड़ वाला बना हुआ है। हाइवे के उपमंडल द्रंग के अधीन गत वर्ष द्रंग से मंडी तक करीब 15 किलोमीटर सड़क पर टारिंग कार्य को अंजाम दिया गया था। हाइवे की हालत को सुधारने के मकसद से हाल ही में विभाग ने माणा गांव से द्रंग उपमंडल कार्यालय तक टारिंग का कार्य इन दिनों शुरू कर रखा है। इस प्वाइंट पर मार्ग की हालत ठीक होते हुए विभाग ने तीसरी बार टारिंग के कार्य को शुरू कर दिया है, जबकि किलोमीटर आरडी 175 से 185 तक टारिंग का कार्य पिछले 10-12 वर्षों से नहीं हो सका है।
गर्मी के मौसम में विभाग द्वारा छोड़े गए टारिंग हिस्से को लेकर जनता में आक्रोश है। व्यापार मंडल पधर और व्यापार मंडल कुन्नू ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। व्यापार मंडल पधर के प्रधान लाभ सिंह ठाकुर, कुन्नू के प्रधान रमेश सोनी सहित पधर, कोठी, नारला, मोहड़धार, कुन्नू, साहल और गदयाड़ा कस्बों के व्यापारियों का कहना है कि गवाली से माणा गांव तक सड़क की हालत बद्तर बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। विभाग पिछले कई वर्षों से पैचवर्क ही कर रहा है। इस मामले को लेकर मनीष कुमार ने सूचना के अधिकार के तहत भी विभाग से जानकारी मांगी है।
ठेकेदार ने छोड़ दिया है काम
प्रोजेक्ट के तहत एरिया का जिस ठेकेदार को टेंडर अवार्ड हुआ है, उसने काम बीच में छोड़ दिया। विभाग की ओर से ठेकेदार को नोटिस जारी किए हैं और यह मामला कोर्ट के विचाराधीन है। विभाग ने टेंडर को रिसाइंड कर रिटेंडर का प्रोसेस शुरू किया है। विभाग पैचवर्क से रोड की मेंटीनेंस कर रहा है। रिटेंडर होने पर शीघ्र काम शुरू कर दिया जाएगा।
…विनोद कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता द्रंग
