
गगरेट (ऊना)। होशियारपुर गगरेट राष्ट्रीय मार्ग पर शनिवार देर दोपहर अचानक पंजाब रोडवेज बस की ब्रेक फेल हो गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से यात्री बाल-बाल बच गए। हुआं यू कि अमृतसर पंजाब से चिंतपूर्णी को जा रही पंजाब रोडवेज बस की गगरेट से महज आधा किलोमीटर दूर अचानक ब्रेक फेल हो गई। इस पर चालक ने अपनी चतुराई से बस को सड़क किनारे पड़ी बजरी के बड़े से ढेर पर दे मारा, जिससे बस लगभग 200 मीटर गहरी खाई में पलटने से बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद सवारियां एकदम सकते में आकर बस चालक को भला बुरा कहने लगीं, लेकिन बस में यात्रा करने वाली इन सवारियों को असलियत पता चली तो वे अपनी जान बचने पर भगवान को याद करने लगे। बस में सवार यात्रियाें को हलकी चोटें आई हैं, लेकिन सभी ने हादसा टल जाने के बाद अपने अपने गंतव्य की ओर निकलना बेहतर समझा। प्रत्यक्षदर्शियों में राम कुमार, दिनेश ठाकुर, संजीव कुमार, मोहन कुमार व विपन शर्मा कहा कि चालक की चतुराई से बड़ा हादसा टल गया।
