पंजाब रोडवेज की बस से चूरा पोस्त बरामद

भरवाईं (ऊना)। स्थानीय शिव मंदिर के पास चिंतपूर्णी पुलिस की ओर से लगाए गए नाके के दौरान पंजाब रोडवेज की एक बस से चूरा पोस्त बरामद किया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ और औषधि अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं, रोडवेज की बस से इस प्रकार की सामग्री मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चिंतपूर्णी पुलिस ने एसएचओ मुकेश कुमार की अगुवाई में भरवाईं में शुक्रवार सुबह नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पंजाब के जगराओं से चिंतपूर्णी आ रही पंजाब रोडवेज की बस नंबर पीबी 10डीएम 7804 को रुकने का इशारा किया। बस की तलाशी लेने पर पुलिस टीम ने बस चालक से लगभग 2 किलो 270 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। पुलिस टीम ने बस चालक सुखप्रीत सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र सागर सिंह निवासी ढोलन जिला लुधियाणा पंजाब के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ एवं औषधि अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी ऊना केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के संदर्भ में छानबीन कर रही है। बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related posts