पंजाब भेजी गई मृत युवक की डिटेल

ऊना। जिला मुख्यालय से सटी मलाहत पंचायत के खेतों में मृत मिले युवक के मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ ही है। न तो अभी तक पुलिस को मृतक की कोई पहचान मिल पाई है और न ही उसकी मौत के कारण सामने आ पाए हैं। युवक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कालेज भेजा जा रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसका पोस्टमार्टम करने के बाद विस्तृत रिपोर्ट पुलिस प्रशासन को सौंपेगी। वहीं मृतक की शिनाख्त के लिए शनिवार को पुलिस की कुछ टीमों को पंजाब के अलग-अलग शहरों में भेजा गया है, जहां युवक के संदर्भ में पुलिस और आम लोगों से भी संपर्क साध कर कुछ पता लगाया जा सके।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि मृतक की लाश को टांडा भेजा गया है, जहां से पूरा खुलासा होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरी संजीदगी से मामले की छानबीन में जुट गई है। जल्द ही इस ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश किया जाएगा। वहीं लाश का चेहरा खराब करने से पुलिस की सिरदर्दी और भी बढ़ गई है, जबकि युवक को मौत के घाट उतारने वालों ने मौके पर कोई सुराग तक नहीं छोड़ा है। मृतक की लाश के पास से केवल एक तौलिया और खून से सना पत्थर ही बरामद हो पाया है, जिससे इसी पत्थर से मार कर युवक को मौत के घाट उतारे जाने की कयास लगाए जा रहे हैं।

Related posts