
ऊना। इंदिरा मैदान में चल रही महिला अंतर्राज्यीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत वीरवार को खेले गए पहले मुकाबले में पंजाब ने जेएंडके को नौ विकेट से पराजित कर दिया है। सुबह देरी से शुरू होने के चलते मैच 11-11 ओवर का खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएंडके की टीम ने निर्धारित 11 ओवर में 5 विकेट खोकर 59 रन बनाए। बल्लेबाज पायल ने 26 रन एवं जसिया ने 12 रन का योगदान दिया। पंजाब की ओर से गेंदबाजी में मोक्षा एवं स्नेह राणा ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने 59 रन का स्कोर मात्र 8.4 ओवर में 1 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। बल्लेबाज हरमनप्रीत ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। जबकि अनुरीत ने 20 रन बनाए। दूसरे मैच में हरियाणा की टीम ने दिल्ली को 7 विकेट से शिकस्त दी। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाए। हरियाणा की ओर से शिवा प्रजापति ने तीन खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई। प्रीति ने एक खिलाड़ी को आउट किया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम ने 18.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंजू ने नबाद 61 रन, पूजा ने 16 रन का योगदान दिया।
