
अंब (ऊना)। पंजाब से आए लगभग दस युवकों ने एचआरटीसी के बस चालक की बुरी तरह पिटाई कर डाली। बस में सवार सवारियों ने जब युवकों को घेरना चाहा तो युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत नाका लगाया और तीन युवकों को मुबारिकपुर में दबोचा। अन्य युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी की बस कांगड़ा से होशियारपुर जा रही थी। इसी दौरान बॉम्बे पिकनिक स्पॉट के पास ओवरटेक के चक्कर में कुछ युवकों की चालक से कहासुनी हो गई और युवकों ने चलती बस को बीच सड़क पर रोक दिया। जैसे ही बस चालक लेखराज पुत्र मेहता राम निवासी पालमपुर ने बस रोकी, युवकों ने चालक को बस से नीचे खींच लिया और लात-घूंसों से हमला बोल दिया। इससे चालक बुरी तरह से जख्मी हो गया। बस में बैठी सवारियां जब तक समझ पातीं, युवकों ने बस चालक को बुरी तरह पीट डाला। बाद में परिचालक ने सवारियों को युवकों को पकड़ने के लिए उतारा, तो युवक भाग खड़े हुए। बस में बैठे यात्री मनोज ने इस घटना की सूचना पुलिस को 100 नंबर पर दी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस की टीम ने मुबारिकपुर में नाका लगाकर तीन युवकों को दबोचने में कामयाब हासिल की।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब सागर चंद्र ने बताया कि बस चालक लेखराज निवासी पालमपुर एवं परिचालक संजीव पाठक रोटरी चौक ऊना की शिकायत के आधार पर दस युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल तीन युवकाें को पकड़ लिया गया है। इनकी पहचान टकचंद पुत्र हंसराज, हरीपाल पुत्र हरबंस लाल एवं अनिल पुत्र बलदेव राज निवासी नकोदर पंजाब के रूप में हुई है। वहीं, इनके अन्य सात अन्य साथियों की तलाश की जा रही है ।
