पंजाब की तर्ज पर पेंशन देने की मांग

कुल्लू। सिविल पेंशनर्स एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन कुल्लू मंडल की मासिक बैठक मंडल प्रधान खेमराज शर्मा की अध्यक्षता में लाल चंद्र प्रार्थी कला केंद्र में आयोजित की गई। बैठक में सभी मंडलों के कार्यकारिणी सदस्यों, पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स ने भाग लिया।
एसोसिएशन के कुल्लू खंड के महासचिव जय बिहारी भारद्वाज ने बताया कि इस बैठक में विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। उन्होंने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पंजाब के आधार पर 70 व 75 वर्ष पार कर चुके हिमाचल प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 10-15 फीसदी अतिरिक्त पेंशन दी जाए। उन्होंने बताया कि बैठक में पेंशनर्स को प्रतिमाह 500 रुपये चिकित्सा भत्ता देने की भी मांग की गई। इसके अलावा पेंशनरों ने दो वर्ष में एक बार एलटीसी की सुविधा प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने महंगाई भत्ते की किश्त जारी करने का सरकार से आग्रह किया है। बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी सरकारी संस्थानों में एक अलग पंक्ति लगाने का प्रावधान किया जाए। इस बैठक में एसोसिएशन के जिला प्रधान मोहर सिंह ठाकुर, महासचिव हीरा लाल ठाकुर, कुल्लू खंड के प्रधान खेमराज शर्मा, कोषाध्यक्ष केशव राम ठाकुर, भुंतर खंड के महासचिव तीर्थ राम राणा, मंगल चंद नेगी व रवि भूषण मेहता आदि उपस्थित रहे।

Related posts