पंचायत का फरमान, धूम्रपान पर लगाम

सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली डिलमन पंचायत ने खुले में शौच एवं सार्वजनिक रूप से धूम्रपान तथा मदिरापान पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। ग्राम पंचायत प्रधान किन्नौरी देवी की अध्यक्षता में यह निर्णय लिया गया। बैठक में योजना आयोग के उपाध्यक्ष जीआर मुसाफिर मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बैठक के दौरान निर्मल भारत अभियान पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस दौरान ग्राम पंचायत ने सभी परिवारों को शौचालय निर्माण तरल एवं ठोस कचरे के उचित निस्तारण के बारे में जागरूक किया गया। पंचायत ने प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान और शराब का सेवन किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यही नहीं खुले में शौच करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पंचायत प्रधान किन्नौरी देवी ने कहा कि पंचायती राज अधिनियम की धारा-15 के तहत उल्लंघन करने वालों पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत में मनरेगा के तहत ग्रामसभा के सहयोग से वर्ष 2014-15 का शेल्फ तैयार कर लिया गया है। ग्राम पंचायत की बैठक में पंचायत उप प्रधान ओम प्रकाश शर्मा सहित कई ग्रामीण एवं वार्ड सदस्य उपस्थित थे।

Related posts