
कुल्लू। विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए विकास खंड कुल्लू में बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता जिलाधीश कुल्लू राकेश कंवर ने की। इस दौरान कुल्लू विकास खंड की सभी ग्राम पंचायतों के प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायकों ने भाग लिया। उपायुक्त ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतों के विकास में पंचायत प्रधानों, सचिव और तकनीकी सहायकों की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में मनरेगा के कार्यों को विकास का आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि मनरेगा से कृषि-बागवानी, सड़कें सिंचाई, शौचालय, गौशाला, पुलों, रास्तों के अलावा विभिन्न कार्य किए जाते हैं। इसके लिए करोड़ों का बजट स्वीकृत है। डीसी ने पंचायत प्रतिनिधियों को मनरेगा के अलावा सभी कार्यों को निपटाने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पंचायत प्रधानों, सचिवों और तकनीकी सहायकों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में देरी के लिए कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। इस वर्ष कुछ पंचायतों में 40 लाख बजट से कार्य किए गए तो कुछ पंचायतें कार्यों पर दो लाख से ज्याद नहीं खर्च सकी हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बिना वजह पंचायतों के कार्यालय बंद न रखें। इस मौके पर एडीसी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
