पंचायत उपप्रधान पर हमला

गगरेट (ऊना)। गगरेट विकास खंड के तहत पड़ते दियोली गांव में आम सड़क का निर्माण करवा रहे गांव के उपप्रधान पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। आरोपी ने उपप्रधान की लाठियों से पिटाई कर डाली। घटना में उपप्रधान को चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। घटना में घायल उपप्रधान का भी पुलिस ने मेडिकल कराया गया है। पुलिस के अनुसार गांव में आम सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। पंचायत उपप्रधान अशोक कुमार कार्य का जायजा लेने के लिए मौके पर गए थे। उसी दौरान गांव के सुखपाल सिंह ने वहां पहुंचकर उपप्रधान से बहसबाजी शुरू की। कुछ ही देर में आरोपी अचानक आक्रामक हो उठा और उसने उपप्रधान अशोक कुमार पर डंडे से वार करना शुरू कर दिया, जिसमें उपप्रधान को चोटें आई हैं। उपप्रधान ने आरोपी के खिलाफ गगरेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। डीएसपी अंब मदन कौशल ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी

Related posts