
ऊना। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने लोगों का आह्वान किया है कि वे खाली पड़ी निजी भूमि पर पेड़ लगाकर हरित क्षेत्र में वृद्धि करने में सहयोग दें। प्रदेश सरकार इसके लिए उन्हें पौधे तथा अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर में स्वां नदी एकीकृत जलागम प्रबंधन परियोजना के वन महोत्सव में उद्योग मंत्री ने कहा यदि हमें जल और गहराते पर्यावरण संकट से निजात पाना है तो पौधरोपण करना होगा। जब तक प्रत्येक व्यक्ति पौधरोपण को अपना नैतिक कर्तव्य नहीं समझेगा, इस संकट का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्व आज वैश्विक ऊष्मीकरण तथा जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है तथा हरित आवरण बढ़ाकर ही इनसे राहत पाई जा सकती है। अग्निहोत्री ने कहा कि वन महोत्सव को एक औपचारिकता की तरह आयोजित न कर जन अभियान की तरह चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की ओर से चयनित पंचायतों में विभिन्न विकास कार्यों पर 65 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा इस परियोजना की अवधि बढ़ाने की भी पुरजोर कोशिश की जाएगी। अग्निहोत्री ने कहा कि स्वां परियोजना की ओर से पंजावर में निर्मित विश्राम गृह का विस्तार किया जाएगा और यहां खूबसूरत वन वाटिका एवं जलाशय का सौंदर्यीकरण करके इसे सैलानियों के लिए प्रमुख आकर्षण के रूप में उभारा जाएगा। इस अवसर पर एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, परियोजना निदेशक टीडी शर्मा, परियोजना उपनिदेशक आरके डोगरा, डीएफओ आरके कौशल, हरोली ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, एडवोकेट धर्म सिंह, जिला परिषद सदस्य नीलम मनकोटिया, दर्शना देवी, राकेश दत्ता, वीरेंद्र मनकोटिया, रिटायर्ड डीएफओ रणवीर सिंह राणा, तिलकराज पुरी और सुरेखा राणा सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
