पंचायती मतदान के बाद मौळी में गोलीकांड

मोहाली: पंचायत चुनाव के बाद अब चुनावी रंजिश के चलते टकराव का दौर भी शुरू हो गया है। गांव मौली वैदवान में शुक्रवार को सुबह दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 3 को पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया, जबकि 2 मोहाली के फेज-6 स्थित में भर्ती हैं।

घायलों में मौली निवासी सतनाम सिंह नोनी, गुरविंद्र सिंह, गुरसेवक सिंह, भूपिंद्र सिंह, हरजोत सिंह गब्बर शामिल हैं। भूपिंद्र ने बताया कि वह और गांव के पूर्व सरपंच अवतार सिंह मौली व कुछ अन्य व्यक्ति सुबह 7 बजे बलजीत सिंह उर्फ जीत के घर उनको समझाने गए थे, क्योंकि उन्होंने सरपंच का चुनाव जीतीं कुलविंद्र कौर के 2 देवरों को पीटा था और उनको गोली मारी थी।

भूपिंद्र ने बताया जब जीत के घर पहुंचे तो 20-25 लोगों ने अचानक हमला कर दिया व कुछ अवतार को पीटने लगे। वह उस समय बच गए जब 4 लोगों ने पकड़कर दूसरों से कहा कि इसकी छाती पर गोलियां चलाओ मगर ऐन मौके पर कट्टा नहीं चला। खींचतान में उनकी जांघ पर गोली लग गई।

15 के खिलाफ मामला दर्ज

डी.एस.पी.-2 अजिंद्र सिंह, एस.एच.ओ. सोहाना-दीपेंद्र सिंह, एस.एच.ओ. फेज-8 गुरमीत सिंह सोहल, एस.एच.ओ. फेज-1 समरवनीत सिंह, एस.एच.ओ. बलौंगी कुलबीर सिंह संधू और एडीशनल एस.एच.ओ. थाना फेज-11 राजीव कुमार पुलिस पार्टी सहित गांव मौली पहुंचे। पुलिस ने सतनाम सिंह निवासी गांव मौली की शिकायत पर 15 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

जीत-हार को लेकर चली गोली

मौली वैदवान के पंचायत चुनाव में सतविंद्र सिंह मौली की पत्नी कुलविंद्र कौर ने विरोधी बलजीत सिंह जीत की पत्नी दलजीत कौर को हराया था। 3 जुलाई को नतीजे के बाद से ही दोनों पक्षों के समर्थकों में तनाव था, जो गोलीकांड के रूप में सामने आया।

6 घंटे किया ट्रैफिक जाम

गांव मौली में गोलीकांड को लेकर लोगों ने पहले गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना के सामने घंटाभर जाम लगाया। इसके बाद गुस्साए लोग लांडरां चौक पर पहुंचे और वहां लगभग 6 घंटे तक जाम लगाया। यहां लोगों को मोहाली से कांग्रेसी विधायक बलबीर सिंह सिद्धू व शिरोमणि अकाली दल के उप प्रधान किरनवीर सिंह कंग ने भी संबोधित किया।

सिद्धू ने कहा कि यह सब सोहाना के एस.एच.ओ. दीपेंद्र के लापरवाही से हुआ है, क्योंकि उन्होंने कल ही गांव मौली के इन लोगों को हथियार, जो चुनाव आचार संहिता के चलते थाने में जमा करवाए हुए थे, रिलीज कर दिए थे। सिद्धू ने मांग की कि बलवंत सिंह रामूवालिया के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएं। क्योंकि हमलावरों को उनका समर्थन है।

मुझ पर आरोप निराधार : दीपेंद्र

थाना सोहाना के एस.एच.ओ. दीपेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस ने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है। अगर गांव के लोग उन्हें समय से सूचित न करते तो गांव में भीषण हत्याकांड हो सकता था। उन्होंने कहा कि वह समय रहते मौके पर पुलिस पार्टी सहित पहुंचे और दोनों पार्टियों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान उन पर और पुलिस पार्टी पर भी कई पत्थर लगे।

रामूवालिया के बचाव में आए ये

एक प्रैस विज्ञप्ति जारी कर हलका इंचार्ज बलवंत सिंह रामूवालिया के बचाव में आए शिरोमणि अकाली दल के महासचिव रमनदीप सिंह भरोवाल, पंजाब लेबरफैड के उप चेयरमैन व जिला परिषद सदस्य परमिंद्र सिंह सोहाना ने कहा कि कांग्रेसी विधायक बलबीर सिंह सिद्धू गांव मौली में हुए आपसी झगड़े को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। यह सब हलका मोहाली में कांग्रेस की लगातार हो रही शर्मनाक हार के चलते हो रहा है। वरिष्ठ अकाली नेता अमनिंद्र सिंह शफीपुर, जसबीर सिंह जस्सी कुरड़ा ने भी रामूवालिया का बचाव किया।

Related posts