पंचायती चुनाव: कई स्थानों पर हुई हिंसक घटनाएं

अमृतसर/भटिंडा: पंजाब में पंचायती चुनावों को शांतिपूवर्क करवाने के लिए जहां पुलिस प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध करने के दावे किए थे, वहीं इन दावों की हवा उस समय निकल गई जब गांव उबोके में मतदान शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही एक गुट ने बूथ पर कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों गुटों के बीच गोलियों और ईंटों-पत्थरों की बौछार हो गई, जिससे दोनों गुटों के करीब 8 लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

पुलिस की ओर से स्थिति को काबू करने के बाद मतदान का काम दोबारा शुरू हुआ। इसी तरह हलका उत्तरी के अधीन आती ग्राम पंचायत चांद एवेन्यू में आज मतदान के दौरान भाजपाइयों ने अकाली समर्थक के साथ मारपीट की। दोनों ने एक-दूसरे पर जाली वोट डालकर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए। स्प्रिंग डेल स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर पार्षद अमन ऐरी और उनके समर्थक ने अकाली वर्कर के साथ मारपीट की।

उधर, बटाला के निकटवर्ती गांव नवां पिंड महिमोवाल में अकालियों व आजाद प्रत्याशी में तब ठन गई जब अकालियों द्वारा जाली वोट भुगताने के कारण आजाद प्रत्याशी के समर्थकों ने इसका डटकर विरोध किया। दूसरी ओर बटाला के ही गांव महेश डोगर में भी चुनाव दौरान कांग्रेसियों ने गुंडागर्दी का नंगा नाच करते हुए 7 लोगों को घायल करने, गाडिय़ों की तोड़-फोड़ और पोलिंग बूथ व अकाली नेता के घर पर पत्थरबाजी करके उसे घायल करने के साथ चुनाव प्रक्रिया में विघ्न डालने का समाचार मिला है।

इतना ही नहीं बस्ती किशन सिंह वाली में कुछ अज्ञात लोग प्रीजाइडिंग अफसर व पोलिंग स्टाफ को चाय पिलाने के बहाने अंदर घुस जिन्होंने बैलट बॉक्स में तेजाब डाल दिया। प्रीजाइडिंग अफसर लाभ सिंह ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उन पर भी तेजाब डाल दिया जिससे पोलिंग बूथ में अफरा-तफरी मच गई और लाभ सिंह, सर्बजीत सिंह व संतोख सिंह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, अबोहर विधानसभा क्षेत्र के गांव अचाडि़की में पंच पद के एक प्रत्याशी नत्था सिंह पुत्र अजैब सिंह की मतदान के दौरान हृदयगति रुकने से मौत हो गई।

Related posts