न स्वास्थ्य सुविधाएं, न बैंकिंग

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत देहरा व चांजू में मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। इन दोनों पंचायतों में न तो स्वास्थ्य केंद्र है न ही बैंकिंग सुविधा है। इसके अलावा विद्युत आपूर्ति भी सुचारू रूप से नहीं हो पाती है। ऐसे में ग्रामीणों को स्वास्थ्य और बैंकिंग सुविधा के लिए तरसना पड़ रहा है। यहां पर सरकार की ओर से खोले गई आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी व पशु औषाधालय का भी स्थानीय लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में स्टाफ नहीं है। लंबे समय से यह डिस्पेंसरी चतुर्थ श्रेणी कर्मी के हवाले है, वहीं पशु डिस्पेंसरी में एक भी कर्मचारी तैनात नहीं है। ग्राम पंचायत देहरा के प्रधान प्रेम लाल, चांजू की प्रधान देवकी ने बताया कि इन पंचायताें के लोगों को स्वास्थ्य व बैंकिंग सेवा के लिए लगभग 33 किलोमीटर दूर नकरोड़ जाना पड़ता है। इस कारण ग्राम पंचायत देहरा के कुंडा, कलतरेई, मोड़ा, दंतुईं, शुमरा, मैहला तथा चांजू पंचायत के जखला, बतेनका, नगोड़ी, बनियारका व मंडोला गांवों की लगभग आठ हजार की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन पंचायतों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कई बार ग्राम सभा में प्रस्ताव पास कर सरकार को भेजे गए, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार से इन पंचायतों के वाशिंदों के लिए मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग की है।

Related posts