
प्रदेश पथ परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। निगम के सेवानिवृत्त निरीक्षक मनोहर लाल टंडन ने कहा कि न तो समय पर पेंशन मिल रही है और न ही लंबित 35 प्रतिशत डीए का एरियर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार झूठा दावा कर रही है कि परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भुगतान कर दिया है। टंडन ने कहा कि आज माह की 21 तारीख हो गई है, लेकिन पेंशन नहीं मिली है। महंगाई आसमान छू रही है और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार व निगम को इसकी कोई चिंता नहीं है। टंडन ने कहा कि मंत्री और विधायकों के वेतन वृद्धि प्रस्ताव को सत्तापक्ष और विपक्ष ने सुर में सुर मिलाकर बिना देरी से पारित कर दिया। जब कर्मचारियों की बात आती है, तो कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों व पूर्व कर्मचारियों के रिवाइज स्केल की बात तो की जा रही है, लेकिन पेंशनरों को 35 प्रतिशत वृद्धि अभी तक नहीं मिल पाई है। ऐसे में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक तंगहाली से जूझना पड़ रहा है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार और पथ परिवहन निगम ने भेदभाव नहीं छोड़ा तो सेवानिवृत्त कर्मचारी संघर्ष के लिए मजबूर हो जाएंगे।
